Thursday, September 27, 2012

सोशल नेटवर्किंग के ज़माने में स्टुडेंट-टीचर संवाद


  शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में, जयपुर से प्रकाशित डेली न्यूज़ के खुशबू विशेषांक में  ५ सितम्बर २०१२ को प्रकाशित  , मेरा आलेख पढ़ें 


शिक्षक  दिवस ...अपने आप में बेहतरीन स्मृतियाँ  समेट कर लाने का दिन! हम सभी उस रोज़ अपने शिक्षकों के लिए जान भी देने को तैयार रहते थे! मुझे आज भी याद है, शाली दिनों में तो हम सभी उस रोज़ अपने शिक्षकों के लिए कार्यक्रम रखते थे, बहुत अलग सा महसूस होता था| बड़े हुए तो राधाकृष्णन जी के लेखों पर आधारित व्याख्यान आदि देते थे...टीचर के कक्षा में आने से पूर्व ब्लेक बोर्ड पर सुन्दर अक्षरों में  'गुरु गोविन्द दोउ खड़े, काके लागूं पाय,बलिहारी गुरु आपने गोविन्द दियो बताये!' --ऐसा लिखते थे| शिक्षक दिवस अपने आप में हममे उत्स्फूर्त भाव भर देता था| लेकिन ये तब की बात थी,वक़्त बहुत बदल गया है..सामने से आते गुरु को झुक कर नमस्ते कहना बहुत ही कम विद्यार्थियों को पसंद आता है| ये परिवर्तन इन दिनों महाविद्यालयों में और प्रोफेशनल संस्थानों में बहुत ज्यादा देखने को मिल रहा है| समय का फेर है..मैं अब छात्र से शिक्षक हो गयी हूँ|

शिक्षक दिवस नजदीक है और अपने पिछले पंद्रह सालों के अनुभव मुझे प्रेरित कर रहे हैं की मैं शिक्षण प्रणाली से जुड़े नवीनतम आयाम, सोशल नेटवर्किंग साईट पर शिक्षक और छात्र इस विषय पर कुछ लिखूँ!

इस परिवर्तन के दौरान एक  बात जो गौरतलब  है वो है शिक्षक एवं छात्र के मध्य का रिश्ता-- रिश्तों की बुनियाद संवादों पर होती है| पूर्व में जब किसी छात्र को कोई बात करनी हो तो वो शिक्षक से उसके कार्यालयीन समय में जाकर बात करता था..कालांतर में शिक्षक उससे केन्टीन आदि में बैठ कर सलाह -मशविरा कर लेता था| कुछ एक धाडसी किस्म के प्राणी सर आदि लोगों से उनका फोन नंबर ले लिया करते थे बात करने को! बहुत डर होता था सर या टीचर को लेकर! लेकिन अब ऐसा नहीं है, एक तो वो डर नहीं रहा और आदर के पैमाने भी! दुसरे  ये की  वार्तालाप या संवाद की जगह बदल गयी है...उसे 'कार्यालयीन समय' की या 'केन्टीन-ओफ्फिस' में जाने की जरुरत नहीं पड़ती..वो नेट पर आता है, अपना चेट बोक्स खोलता है और तुरंत अपने शिक्षक को 'पिंग' करके बात कर लेता है..जी हाँ जिस तरह अंतर जाल ने समूचे विश्व को नजदीक लाया है, शिक्षक और छात्र भला कैसे इससे अछूते रहते? इन सोशल  नेटवर्किंग साईट ने इन दोनों को एक समान, एक मंच पर एक दूजे के सम्मुख ला खड़ा किया है| जब आप एक ही संस्था से जुड़े होते हैं तो स्वाभाविक है आपकी बातें,विषय,पसंद आदि काफी कुछ समान हो जाती हैं! हर नयी बात की तरह, फेसबुक के भी कभी  बुरे तो कभी अच्छे परिणाम देखने को  मिलते हैं| आइये नज़र डाले इन्हीं  में से कुछ मुख्य परिणामों पर!

नवप्रयोगवाद, नए विचारों से ओत प्रोत नयी शिक्षण प्रणाली में एक शिक्षक की भूमिका में आमूल-चूल परिवर्तन आया है| शिक्षक अब शिक्षा  प्रदान करने वाला न रह कर, फेसिलिटेटर बन गया है| उसका मुख्य काम है छात्र की मदद करना, शिक्षा को ग्राह्य बनाने में ...उसे सरल  बनाने में! इसका कारण ये है की अब इन्फार्मेशन , विषय के बारे में जानकारी तो हर जगह आसानी से मिल जाती है किन्तु उसका उपयोग कैसे हो, ये पता नहीं पड़ता! ऐसे में शिक्षक संग की गयी चर्चाएं बहुत उपयोगी साबित होती हैं|फेसबुक या ब्लॉग इन चर्चाओं को मुखरित कर देते हैं| यह चर्चा, चाहें तो सिर्फ दो लोगों के मध्य न होकर एक पूरे समूह की चर्चा बन जाती है जिससे उस विषय पर गहन मंथन हो जाता है|

नए शिक्षण तंत्र का एक और महत्त्वपूर्ण स्तम्भ है शिक्षक और छात्र के मध्य का व्यवहार! "आदर तो दिल में होना चाहिए, पाँव छूने /(मात्र) से उसका इज़हार नहीं हो जाता "ये बात  माननेवाले  आज कल के छात्र शायद सच ही कह रहे हों! लेकिन एक बात ये भी सच है की अपनी इज्ज़त अपने हाथों में होती है| इन साईट पर जहाँ ये  छात्र बाकायदा शिक्षक की "फ्रेंड्स' लिस्ट में ही विराजमान होते हैं, कई बार उस शिक्षक की व्यक्तिगत बातों से अवगत होकर उसका फायदा कहीं और ले सकते हैं| इस वजह या तो इन छात्रों का चयन सावधानीपूर्वक किया जाए, या फिर छात्रों संग एक अन्य पेज या ब्लॉग पर चर्चा की जाये या फिर व्यक्तिगत जानकारियों को इनके लिए सिमीत किया जाये| सभी साईट में इन दिनों यह सुविधा उपलब्ध है| इससे मित्रता भी बनी रहेगी और कोई कटु अनुभव भी नहीं होगा! कई बार पेरेंट्स का ये कहना होता है की क्या  गरज है की छात्र और शिक्षक मित्र बनें? मिस्साउरी में पिछले वर्ष एक नियम बनाया गया जिसके तहत शिक्षक और छात्र फेसबुक पर मित्र नहीं बन सकते हैं| कारण सामने आया की  कयी बार उनके आपस में अलहदा रिश्ते बन गए थे या की इसकी मदद से शिक्षकों ने छात्रों से अभद्र व्यवहार भी किया था..और संस्थाओं के प्रमुखों एवं पेरेंट्स को इससे घोर आपत्ति थी| इस नियम के अनुसार, शिक्षक यदि चाहे तो अपना एक अलग पेज बनाकर उस पर छात्रों से शैक्षनीक विषयों पे बातचीत कर सकता है जिसे हर ख़ास-ओ-आम पढ़ सके| वहीं दूसरी ओर ऐसे भी पेरेंट्स हैं जिन्हें लगता है की उनके बच्चे बहुत शर्मीले किस्म के हैं इसलिए अपने टीचर्स से फेसबुक के माध्यम से अपनी बात बेझिझक होकर कह पाएंगे|

शिक्षक की एक भूमिका जो अनंत काल से चली आ रही है वो है अपने छात्रों का  सर्वांगीण विकास करने में योगदान देना! ये सभी साईट छात्रों में छुपी रचनात्मकता और सर्जनशीलता को बखूबी बाहर लाती हैं जो शायद कक्षा मैं बैठे बैठे पता न पड़े! वो क्या सोचता है, क्या पढता है और उसका ध्येय क्या है आदि बातों को इस मंच के द्वारा बड़ी सरलता से समझा जा सकता है जिसका उपयोग उसे मार्गदर्शन देने में हो सकता है|हमारी संस्था में फोटोग्राफी एक विषय की तरह पढाया जाता है| छात्र अक्सर अपने खींचे हुए फोटो को अपने एल्बम में लगते हैं और हम शिक्षकों को उनकी कलात्मकता का अंदाज़ा इन पेज पर जाकर आसानी से हो जाता है! इसी तरह कुछ छात्रों को पठन-पाठन का शौक होता है तो वे विविध  लेखको और उनकी किताबों की समीक्षा करते हैं जिनमे हम शिक्षक भी शिरकत करते हैं....इस आदान प्रदान में कयी बार मजेदार किस्से, चुटकुले, व्यंग या कक्षा में हुई कोई रोचक/मजेदार घटना का जिक्र भी हो जाता है जिससे वो पढना बड़ा ही मजेदार हो जाता है!

एक और नयी और बहुत अच्छी अध्यापन प्रक्रिया जो बहुतायत में प्रचलित है वो है "अनुभव बाँटना और सीखना "| अध्ययन और अध्यापन ये दोनों ही संग संग चलता है ...अंतएव अंतर जाल पर जहाँ दृश्य-श्राव्य माध्यमों के द्वारा बहुत अच्छे से बातों को, विचारों को प्रस्तुत किया जा सकता है, अनुभवों का आदान प्रदान दोनों ही और से बड़े सघन तरीके से हो पाता है| नए तंत्रज्ञान के चलते, शिक्षकों को भी काफी कुछ छात्रों से सीखने को मिलता है और उम्दा शिक्षक बड़े अच्छे से इनका उपयोग पढ़ाने में ले सकता है| यू ट्यूब की एड्यूकेशन साईट पर हर विषय/विधा पर बेहतरीन विडीयो मिलते हैं, अनेकानेक विदेशी आईवी लीग के महाविद्यालयीन शिक्षकों ने अपने  छात्रों के साथ मिलकर शिक्षण को बहुत दिलचस्प बना दिया है!

चूंकि शिक्षण संस्थाओं में आचरण संहिता का नाम बदल कर अब मार्गदर्शन संहिता हो गया है , नए सामाजिक परिवर्तनों ने रिश्तों को देखने का नज़रिया बदल दिया है तब ऐसे में शिक्षा प्रणाली  भला कैसे पीछे रह सकती है? शिक्षक और छात्र के मध्य के रिश्तों को बहुत सारे आयामों से देखा जा सकता है किन्तु यदि अंतर जाल पर इस रिश्ते को देखें तो ये अपने आप में एक अनूठा रिश्ता है जिसका उद्भव टेक्नोलोजी के कारण हुआ है! हालांकि ये मंच विश्वव्यापी है, किसी दायरे के अधीन नहीं किन्तु शिक्षक चाहे तो इस मंच का बेहतरीन उपयोग कर सकता है| 

मेरा पिछले चार-पांच साल का अनुभव यही बताता है की इस मंच के कारण मैं अपने छात्रों से और अच्छे तरह से जुड़ पायी हूँ..न केवल शिक्षक के रूप में वरन इंसानी तौर पे भी! कई छात्र जीवन में आगे बढ़ गए हैं लेकिन जब भी वक़्त मिलता है, मुझसे बात करते हैं...अपनी उपलब्धियों को बताते हैं, अपनी दिक्कतों को साँझा कर मुझसे राय लेते हैं....इस वक़्त वो छात्र नहीं, सही मायने में दोस्त बन जाते हैं! दो माह पूर्व एक छात्रा ने रात ग्यारह बजे मुझे पिंग किया| वो अपना इंटर्नशिप कर रही है ये मैं जानती थी...उसने बताया की उसे रात को देर तक ओफ्फिस में काम करना पड़ता है और इस वजह से उसके पाल्य उसे ये कोर्स ही छोड़ने को कह रहे हैं! वो छात्रा बड़ी विचलित थी...मैंने उसे तक़रीबन आधे घंटे तक बात करके समझाया,पाल्य को कैसे समझाना चाहिए ये बताया और उसके मन को शांत किया! ऐसे मेरे साथ कई बार होता है और मुझे लगता है की चूंकि ये माध्यम एक गैर-मौखिक है , इन बच्चों  को अपनी बात कहने में आसानी होती है|अभी कल ही मेरे संस्थान की एक पूर्व छात्रा ने मेसेज कर पूछा की यदि उसे पी.एच.ड़ी. करनी हो तो क्या कुछ करना होगा? मैंने उसे इस बारे में मार्गदर्शन दिया| कई दफा अन्य संस्थाओं के भी छात्र मुझसे जानकारी मांगते हैं| इन सभी में सबसे बड़ी बात जो मेरे साथ हुई है वो है मेरे और मेरे छात्रों के मध्य एक बहुत ही सुन्दर और मित्रवत माहौल का पनपना! 

और फिर क्या हम सभी एक तरह से एक ही वक्त में शिक्षक और छात्र नहीं हैं? शिक्षकों को चाहिए की वे इस मंच का उपयोग और प्रयोग जरुर करे क्यूंकि छात्रों संग , उनकी ही भाषा और शैली में संवाद स्थापित करने का ये एक बेहतरीन माध्यम है!!


तेरा अक्स





दिखता होगा प्रेम, आँखों में भी तो,
 

आँखें मूँद कर, जिया जाता ही होगा ना!


हज़ारों कोस दूर पर भी तो,

आसमान में चाँद मुस्काता ही होगा ना


मेरे चेहरे पर देख आज भी तो

तेरा अक्स उतरता ही होगा ना !!


६/९/२०१२

बुरुंश के फूल


यह कहानी सर्वप्रथम बड़े आधे अधूरे तौर पर कहीं लिख रखी थी..डायरी में ही हो शायद..तदुपरांत एक इ-पत्रिका "नव्या" पर इसे प्रकाशित करने हेतु २३ फरवरी २०१२ को भेजी थी जो शायद उसी रोज़ प्रकाशित हो गयी थी| इसको और नवीन बना कर जल्द ही पुस्तक में प्रकाशित करना है...पढ़ें यहाँ, मेरी सर्वप्रथम कहानी...


शिवली, यही तो नाम रखा था उसका  -- माँ ने? बाबा ने? या फिर उस फादर  ने जो उसे जाने  कुमाउँ की कौनसी वाली  पहाड़ी पर पड़े किस कचरे के ढेर से उठा कर लाये थे|

 शिवली आज उसके, समीर के  सामने हाथ जोड़े खड़ी थी.. जब सब कुछ सुन चुकी तो वो यह  कहते हुए आगे बढ  गयी, “आपका बहुत बहुत धन्यवाद की आपने मुझे पहचान लिया और मेरा हाल हवाल पूछा लेकिन समीरजी, अब बस इतना ही...शेष, फिर, कभी नहीं!” 

"आपने मुझे अपनत्व , प्रेम दिया, मान सम्मान दिया..मैं भी शायद उस मोहपाश में बंधती चली गयी...आपसे जुडती चली गयी..बहुत खुबसूरत दिन थे वे, बड़े ही प्यारे! फादर ने जब  मुझे दून  में पढने भेजा था, एम्.बी.ए. करने, तुम तब एन.डी.ए. के दूसरे वर्ष में थे- है  न ? और फिर वो दिन भी आया जब तुम्हारा दून में रहने का आखिरी दिन था..तुम चेन्नई जाने वाले थे अपने ट्रेनिंग के सिलसिले में| उस साल पहाड़ी पे वसंत ने बुरुंश  के सुन्दर लाल चटक फूलों से जैसे आसमान पर सेज सजा दी थी..मैंने अपने हॉस्टल के बागीचे से तोड़ कर उन्ही फूलों का एक गुच्छा तुम्हारे लिए बनाया था! मैं दौडते हाँफते जब तक तुम्हारी जीप के पास पहुँची, तुम अपने दोस्तों के साथ जीप में   बैठ चुके थे..मैंने लगभग दौडते हुए  तुम्हे वो फूल पकडाए थे..तुमने वादा किया था की तुम मुझे रोज़ फोन करोगे, मुझे ख़त लिखोगे और जल्दी ही मुझे अपनी दुल्हन बना के अपने साथ ले जाओगे! फादर ने मेरे हाथों में जब तुम्हारा पहला ख़त पकडाया था, मेरे भीतर सैकड़ों  बुरुंश  के फूल एक साथ मह-महा उठे  थे ..ख़त खोला तो तुमने सिर्फ दो पंक्तियों में कहा था, 'शिवली, तुम्हारी जगह शेवंती ने ले ली है.. मेरे घर पहुँचने से पहले ही सब कुछ तय हो चुका था--मेरे पेरेंट्स ने कोई गुंजाईश नहीं छोड़ी मेरे लिए!'

तब मैंने सोचा, क्या पेरेंट्स ऐसे होते हैं? मुझे अपने अनाथ होने पे, पहली दफा, कुछ अजीब सी ख़ुशी हुई!
फिर  जाने कितने युगों बाद (शायद दस साल..बाद), आज  तुम यूँ अचानक मुझे नैनी झील के किनारे खड़े मिल गए..अचानक! और मैं औचक-सी..तुम्हे देखती रह गयी थी..है न? तुम्हारे हाथों में एक छड़ीनुमा  चीज़ थी जिसके सहारे तुम खड़े, बड़े कमज़ोर दिख रहे थे -- ग्लेशिअर्स में हवाई-सेवा के दौरान तुम्हारे हाथ-पैर की उंगलियाँ  गल जाने की वजह से तुम्हे रिटायरमेंट लेना पड़ा था! अब तुम किसी कंपनी में, पटना में, एडमिनिसट्रेशन  का काम संभाल रहे थे| शेवंती नए युग की महिला थी,रिश्तों में जुडी तो थी लेकिन बँधी नहीं थी-- वो गोवा के किसी पञ्च सितारा होटल में बड़ी पोसिशन पे कार्यरत थी और तुम्हारे बच्चे दून में पढ़ रहे थे| शायद तुम उन्ही से मिलने आये थे...
और मैं?  मेरी जिंदगी बहुत सुन्दर थी-- मिशन स्कूल के पिछले बागानों में मैंने  बुरुंश  के बड़े बड़े बगीचे लगवा दिए थे और उनके फूलों से बनाये स्क्वेश  व  आर्किड के फूल व  अन्य वस्तुओं का मेरा एक्सपोर्ट का बिजनेस इधर  खूब चल पड़ा था | मैंने आंध्र प्रदेश में एक पूरे गाँव को अदोप्ट कर लिया था, दून, नैनी आदि  जगहों पर भी काफी जन जागरण के नए कार्य चलते ही रहते थे!
 मैं अपने जीवन से बेहद खुश थी! लेकिन  तुम, आज  फिर मिल गए और .तुमने मुझसे कहा, "शिवली, मुझे सब कुछ मिला लेकिन प्रेम नहीं मिल पाया.." मैंने कहा," समीर जी, आपको तो प्रेम मिला, खूब ढेरों ढेर मिला...लेकिन आप ही ने उसे ठुकरा दिया!" तब तुमने कहा था, " हाँ शिवली, सच में , मैंने प्रेम को नहीं पहचाना...उसकी कद्र नहीं की..पता नहीं क्यूँ ? लेकिन मुझे इन दिनों, बिलकुल ऐसा लगता है की सब कुछ होते हुए  भी, सारे रिश्ते नाते होते हुए भी, मैं अनाथ हूँ!! शिवली, तुम पुनः मेरे जीवन में आ जाओ शिवली!! "  "और तुम्हारी पत्नी बच्चों को अनाथ सा कर दूँ?? नहीं समीर जी, यह मुझसे नहीं होगा...क्योंकि, मैं जानती हूँ अनाथ होने का दुःख क्या होता है! कोई भी अपना ना होने का दर्द क्या होता है?  इस भरी दुनिया में सारे चेहरे आपको देखकर मुस्कुराते हैं लेकिन कोई चेहरा आपकी आँखों के आंसू नहीं पढ़ पता! हजारों हाथ आपसे शेक-हैण्डस  करते हैं लेकिन कन्धों को पकड़ कोई संबल नहीं देता ! आइसक्रीम की दुकान के बाहर खड़ी भीड़ में, शायद कोई एखाद केंडी पकड़ा भी दे, लेकिन, अरे बेटा संभालो...पिघल जाएगी, ऐसी ताकीद देना वाला कोई नहीं होता! साल दर साल पुरस्कार समारोह में जीती हुई ट्रोफिज़ पर जमी हुई धूल , कोई अपने आंचल  से नहीं पोंछता! समीर जी, अनाथ तो मैं पहले ही थी और जी भी रही थी, लेकिन जब आप पहली दफा मेरे जीवन में आये तो मैंने जाना की  ख़ुशी क्या होती है, लेकिन ..आपके जाने ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा था! मेरा मन घृणा, वितृष्णा, नफरत के सारे दरिया पार कर चुका था!ऐसा लगता था जैसे इन देवदार के पहाड़ों सा ही ये जीवन बीत जायेगा.. मैं, तुम्हे भूल जाना चाहती  थी..मैं इन  हरे भरे पहाड़ों को देखकर सोचा करती थी...ये कोई तो बता दो कि याददाश्त कैसे जाती है ?ये पहाड़ जो सदियों से जाने कितनी बहारों के, कितनी खिज़ाओं के चश्मदीद गवाह हैं, कैसे इतना सब कुछ याद रख पाते होंगे? भूल ही जाते होंगे....तभी तो आज तलक खड़े रहने पाए हैं...सशक्त..निर्भीक...मैंने इनसे कहा, हे गिरिराज, बताओ मुझे कोई ऐसी दवा कि जिसके लेने से मैं अपना पिछला सब बिसरा दूं....बिसरा दूं वो यादें जो खुबसूरत तो थी...जब तक थीं/रही, खुबसूरत ही तो थीं, मगर अब काँटों सी चुभती हैं...उसकी यादें जो रातों में किसी सर्पदंश सी चोट कर जाती हैं...वो यादें जिनमें जीकर मैं ज़िन्दगी गुजारने को बाध्य हूँ या यूँ कहूँ कि मृत्यु को अस्वीकारने के लिए प्रेरित हूँ!... वो पावस प्रेम जिसने मुझे तृप्त किया कभी...वो सुन्दर स्पर्श..वो भीने भीने एहसासात उन सभी को कैसे भूल जाऊं? क्या ऐसा कुछ है जिससे ये याददाश्त चली जाती है ?? और यदि नहीं है, तो क्यूँ मैं बाध्य हूँ वो सब भूल जाने को? मैं पूछती थी ये सवाल और देखती थी, हमेशा, अपलक, इन अनाथ पहाड़ों की ओर!

 और तब, और तब मैंने जाना की, अनाथ होना ( जो मैं पहले से ही थी) और अनाथ  हो जाना (जो तुम्हारे जाने से, फिर एक बार हो गयी थी) कितनी बड़ी बात है! मेरे ख्याल से हिंदी के इस शब्द, 'अनाथ' में ज़बरदस्त ताकत है! ऐसी ताकत जो अंग्रेजी के 'ORPHAN' में नहीं| जिस क्षण, जिस पल किसी इंसान को इस बात का बोध होता है या करवाया जाता है की वो 'अनाथ' है, वो क्षण वो पल उसे एहसास करवा देता है कि उसे कितना मज़बूत होने की जरुरत है! मुझे मज़बूत बनाने में, समीर जी, आपका बहुत  बड़ा हिस्सा रहा है! आज मैं  इस ख़त के ज़रिये,  आपको सादर सस्नेह एवं पूर्ण ह्रदय से धन्यवाद देना चाहती हूँ; क्योंकि, यदि तो आपने  मुझे उस कमज़ोर क्षण में सहारा दे दिया होता, मुझे अपना लिया होता  तो मैं तो सहारे की आदी हो गयी होती न और हर मोड़ पे जीवन के, वोही सहारा खोजती! लेकिन आज, मैं स्वतंत्र हूँ, आत्म-निर्भर हूँ! हाँ मैं अनाथ हूँ लेकिन  एक सशक्त स्त्री भी हूँ! तुम कहते हो की 'तुम' अनाथ हो गए हो?? सभी के रहते? सभी का प्रेम पाकर भी? और यदि ऐसा है, तो मुझे भी वही करने दो जो कई कई सालों पहले तुमने मेरे साथ किया था...मुझे अकेला छोड़ कर...आज मैं भी तुमसे विदा लेती हूँ!  ये अनाथ होना, शायद,  इस दफा 'तुम्हे' मजबूत बनाये...क्योंकि मुझे अब समझ में आ गया है  कि किसी अनाथ को सहारा देना, वास्तव में क्या होता है!! 

 शिवली ने फिर वो ख़त समीर के होटल में मुकुल  भैया जी के हाथों भिजवा दिया और  बोट वाले से कहा परली तरफ वाले काली मंदिर की ओर लेना भाई .. फिर उसने धीरे से खुद से ही कहा,  कहते हैं बुरुंश के फूलों का रस इंसानी ह्रदय को सशक्त और सुदृढ़ बनाता है और फिर  हल्के  से मुस्कुरा पड़ी...